दुर्गेश साहू धमतरी। शहर के सोरिद नगर स्थित मानस मंच के पास एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ घरेलू विवाद में बड़े भाई ने अपने छोटे भाई पर धारदार कैंची से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार रात करीब 10:30 बजे की है। दोनों भाई, तेजराम देवांगन (35) और चंद्रकांत देवांगन (31), नशे की हालत में थे और किसी बात को लेकर उनके बीच बहस शुरू हो गई। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि बड़े भाई तेजराम ने आवेश में आकर कैंची से छोटे भाई चंद्रकांत पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। इस हमले में चंद्रकांत को दो जगहों पर गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और घायल को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। चंद्रकांत की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें रायपुर रेफर कर दिया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी तेजराम देवांगन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
0 Comments